अमेरिका 6 अप्रैल तक नहीं करेगा ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमला

अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अहम घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका 6 अप्रैल, 2026 तक ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर किसी भी तरह का हमला नहीं करेगा।
सीबीएस न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर बताया कि वे ईरानी ऊर्जा संयंत्रों पर हमले पर लगी रोक को 06 अप्रैल तक बढ़ा रहे हैं। यह रोक पहले पांच दिनों के लिए लगाई गई थी और शनिवार को समाप्त होने वाली थी। ट्रंप ने कहा कि यह निर्णय ईरानी सरकार के अनुरोध पर लिया गया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “ईरानी सरकार के अनुरोध के अनुसार, मैं ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों को रोकने की अवधि 10 दिन बढ़ा रहा हूँ, अब यह सोमवार, 06 अप्रैल, 2026, रात 8 बजे तक रहेगी। बातचीत जारी है और मीडिया में फैली गलत खबरों के बावजूद स्थिति सकारात्मक है।”
उन्होंने इस दौरान उन तेल टैंकरों का भी उल्लेख किया, जिन्हें ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी थी। इस बीच, ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका का शांति प्रस्ताव प्राप्त होने की पुष्टि की है, जबकि पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने बताया कि इस्लामाबाद युद्ध समाप्ति के लिए अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता प्रयास कर रहा है। इस प्रयास में तुर्की और मिस्र भी सहयोग कर रहे हैं।






