ब्रेकिंग अपडेट्स; तमिलनाडु के मदुरै में दो बसों की टक्कर; 5 की मौत, 42 घायल

तमिलनाडु के मदुरै जिले में सोमवार सुबह दो बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, चेन्नई से मार्थांडम जा रही प्राइवेट बस कोट्टामपट्टी के वंदिनगर के पास फोरलेन हाईवे पर अचानक बेकाबू हो गई। बस डिवाइडर पार कर सामने वाली लेन में पहुंच गई और मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही सरकारी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्राइवेट बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सरकारी बस पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और दोनों बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, हादसे में चार पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
जम्मू-कश्मीर के रामबन में अमरनाथ यात्रियों की 4 गाड़ियां टकराईं, 18 श्रद्धालु घायल
जम्मू-कश्मीर के रंबन में सोमवार को अमरनाथ यात्रा के काफिले में बड़ा हादसा हो गया। चंदरकोट के लंगर प्वाइंट पर दो SRTC बसें, एक कार और एक प्राइवेट बस आपस में टकरा गईं। हादसे में 18 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को रंबन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, एक SRTC बस ने आगे चल रही दूसरी SRTC बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दूसरी बस आगे चल रही नेक्सा XL6 कार से भिड़ गई। इसके बाद कार सामने चल रही प्राइवेट बस से टकरा गई।
घायलों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और पंजाब के श्रद्धालु शामिल हैं। अब तक 10 लोगों की पहचान हो चुकी है, जबकि 8 अन्य की पहचान की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में भूकंप के झटके, बारामूला में 3.6 और कामजोंग में 3.9 तीव्रता रही
मणिपुर और जम्मू-कश्मीर में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, दोनों राज्यों में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मणिपुर के कामजोंग जिले में सुबह 6:32 बजे 3.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र 80 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र इंफाल से करीब 31 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था। वहीं, जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में रात 2 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। फरवरी में भी बारामूला में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र पट्टन क्षेत्र था।

भिंड में सीएम के हेलीकॉप्टर की उड़ान ड्रोन से रुकी; टेकऑफ से पहले हेलीपैड पर उड़ाया, यूट्यूबर हिरासत में
भिंड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दंदरौआ धाम यात्रा के दौरान रविवार शाम सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। मुख्यमंत्री दर्शन के बाद ग्वालियर लौटने के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हो चुके थे। उनके साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी मौजूद थे। जैसे ही हेलीकॉप्टर टेकऑफ की तैयारी में था, तभी हेलीपैड के ऊपर एक ड्रोन उड़ता दिखाई दिया।
ड्रोन देखते ही पायलट ने सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने से इनकार कर दिया। करीब 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर ही खड़ा रहा। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने पूरे परिसर में तलाश शुरू की। जांच के दौरान मंदिर की छत पर राघवेंद्र खेमरिया नाम का युवक ड्रोन उड़ाते मिला। पुलिस ने तत्काल ड्रोन नीचे उतरवाकर उसे हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए मामला मिहोना थाना पुलिस को सौंपा गया है।