वेदिका महेश रावत (पटेल ) ने रचा इतिहास ; 29वीं मध्यप्रदेश स्टेट .22 राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में तीन रजत व एक स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान
प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का संगम जब लक्ष्य पर केंद्रित होता है, तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। इसका जीवंत उदाहरण बनी हैं आलीराजपुर जिले की होनहार निशानेबाज़ वेदिका महेश रावत(पटेल ), जिन्होंने इंदौर स्थित बीएसएफ रेवती रेंज में आयोजित 29वीं मध्यप्रदेश स्टेट 22 राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीतकर जिले, आदिवासी अंचल और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
ऐश्वर्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी वेदिका ने प्रतियोगिता के यूथ, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शानदार निशानेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए तीनों वर्गों में रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किए। इसके साथ ही टीम स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी टीम को स्वर्ण पदक (Gold Medal) दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वेदिका की उपलब्धियां
- यूथ वर्ग (व्यक्तिगत) – रजत पदक
- जूनियर वर्ग (व्यक्तिगत) – रजत पदक
- सीनियर वर्ग (व्यक्तिगत) – रजत पदक
- टीम स्पर्धा – स्वर्ण पदक
वेदिका महेश रावत (पटेल ) आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं जोबट विधायक ,आलीराजपुर नगरपालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासित अभ्यास के दम पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता के दौरान उनके आत्मविश्वास और सटीक निशाने ने निर्णायकों एवं उपस्थित खिलाड़ियों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में वेदिका को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के बाद खेल जगत, सामाजिक संगठनों और जिलेभर में खुशी की लहर है। लोगों ने इसे पूरे आलीराजपुर जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।
इस अवसर पर महेश पटेल एवं विधायक सेना महेश पटेल ने वेदिका की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से खेलों में आगे आने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान भी किया।
वेदिका की इस सफलता पर ऐश्वर्य शूटिंग अकादमी के प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे शुरू से ही प्रतिभाशाली और मेहनती खिलाड़ी रही हैं। उनका समर्पण ही उन्हें लगातार सफलता की ओर ले जा रहा है। प्रशिक्षकों ने विश्वास जताया कि वेदिका आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी मध्यप्रदेश और भारत का नाम रोशन करेंगी।
जिले के खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने वेदिका महेश रावत को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वेदिका की यह सफलता न केवल आलीराजपुर, बल्कि पूरे आदिवासी अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।