अलीराजपुर के कठ्ठीवाड़ा में नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन: राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

अलीराजपुर। नीट परीक्षा में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को कठ्ठीवाड़ा ब्लॉक में युवाओं, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने प्रदर्शन किया। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
सभा को संबोधित करते हुए महेश पटेल ने कहा- देशभर में छात्र कई दिनों से न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया जा रहा है। उनका कहना था कि नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और परीक्षा प्रणाली पर युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर बड़ी राशि खर्च करते हैं, लेकिन बार-बार सामने आने वाली कथित पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं।
अनियमितताओं की हो निष्पक्ष जांच
ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई कि नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जाए। छात्रों के साथ हुए अन्याय को समाप्त किया जाए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा लिया जाए।

छात्रों को न्याय दिलाने की मांग
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी भी की। महेश पटेल ने कहा कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

नेताओं के साथ गांव के लोग भी हुए शामिल
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष परसिंह बारिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोह्ययाडा दादा, साहनी मकरानी, पीसीसी सदस्य भारतराज जादव, सरपंच नारिया किराड़, महिला कांग्रेस नेत्री गायत्री तोमर, नरेंद्र तोमर, शान नकवी, संदीप डावर, आमजाद खान, संपत धाकड़, मुनीर खान, तेर सिंह, निलेश परमार, दिनेश कुसवाहा, राहुल बमनिया, अर्जुन धाकड़, मुकेश तोमर, गोलू सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।