गुजरात तस्करी के लिए ले जाई जा रही 2004 पेटी अवैध शराब आलीराजपुर में जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार।
आलीराजपुर जिले की जोबट पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कंटेनरों से करीब 2 करोड़ रुपये की 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।
जोबट। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत जोबट पुलिस ने रविवार को अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कंटेनर वाहनों से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई में दोनों कंटेनरों को जब्त कर उनके चालकों को गिरफ्तार किया है। अवैध शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और इससे जुड़े नेटवर्क की कड़ियां तलाशने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल एवं एसडीओपी जोबट रविन्द्र राठी के पर्यवेक्षण में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रविवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना पर थाना जोबट पुलिस ने देहदला में दो अलग-अलग टीमों का गठन कर घेराबंदी की और आयशर कंटेनर क्रमांक (एमपी-41-एचए-1053) तथा (एमपी-09-बीजी-7139) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी में पहले कंटेनर से 930 पेटी और दूसरे से 1074 पेटी सहित कुल 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में आरएस, ब्लेंडर्स, रिट्ज, आरसी, बैगपाइपर और मैजिक मोमेंट सहित कई ब्रांड शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 17,409 बल्क लीटर बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विक्रम पुत्र सालगराम पाटीदार (43), निवासी करनावद जिला देवास तथा शिवलाल पुत्र बालमुकुंद मालवीय (55) निवासी भैरवाखेड़ी जिला देवास को गिरफ्तार किया।
दोनों के खिलाफ थाना जोबट में अपराध दर्ज कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 46 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना जारी है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले, उप निरीक्षक नगीनलाल नायक, धनराज सेमिया, गोविंद कटारे, सहायक उप निरीक्षक राम कुमार गौतम, अजय कुमार यादव तथा आरक्षक गजेन्द्र, रविन्द्र और महेश की उल्लेखनीय भूमिका रही।
गुजरात में शराब बंदी, झाबुआ व आलीराजपुर से पहुंचाई जाती है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुजरात में शराबबंदी है। चूंकि झाबुआ और आलीराजपुर के कई क्षेत्र गुजरात सीमा से सटे हैं। ऐसे में दोनों जिलों से अवैध शराब गुजरात पहुंचाई जाती है। इस खेल में कई बडे लोग जुड़े हैं। वह अपने गुर्गों से अवैध शराब का कारोबार संचालित करवा रहे हैं। पुलिस विभिन्न कड़ियों को जोड़़ेगी। आखिर इतनी शराब कहां से लाई गई थी। इसके मास्टर माइंड कौन कौन है।