मतदान के दौरान एक्शन मोड में दिखे यूपी के ‘सिंघम’ अजय पाल शर्मा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में 11 नए पुलिस पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है, जिनमें से 3 को दक्षिण 24 परगना में तैनात किया गया है।

इनमें सबसे चर्चित नाम अजय पाल शर्मा का है, जो उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और ‘सिंघम’ के नाम से पहचाने जाते हैं। जिम्मेदारी संभालने के बाद से वे लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं।

मंगलवार सुबह से उनका काफिला डायमंड हार्बर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर रहा है। उनके साथ बख्तरबंद वाहन और केंद्रीय बलों के जवान तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, वे 117 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते फलता, डायमंड हार्बर और मोगराहाट पश्चिम क्षेत्रों में मतदान की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अब तक इन क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण बताया गया है।

सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय बलों द्वारा लगातार रूट मार्च किया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है और मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

गौरतलब है कि अजय पाल शर्मा उत्तर प्रदेश पुलिस में डीआईजी के पद पर रह चुके हैं और ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के रूप में उनकी पहचान रही है। उनकी तैनाती को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है।

तृणमूल कांग्रेस ने उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए पक्षपात का आरोप लगाया है। पार्टी की नेता महुआ मोइत्रा ने हाल ही में एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी प्रत्याशी जहांगीर खान के घर जाकर धमकी दी थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Share

Similar Posts