आजादी के बाद पहली बार कुक्षी में दौड़ेगी ट्रेन: 8 सितंबर से चलेगी; PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

धार। आजादी के बाद पहली बार कुक्षी और आसपास के आदिवासी अंचल में यात्री ट्रेन दौड़ने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद 8 सितंबर को टांडा रोड रेलवे स्टेशन से नियमित यात्री ट्रेन सेवा शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा से वर्चुअल माध्यम से 12 कोच की मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ करेंगे।
टांडा रोड स्टेशन पर रेलवे की ओर से स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल होंगे। इसके साथ ही धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना के टांडा रोड-डेकाकुंड रेल खंड पर यात्री सेवा शुरू हो जाएगी।
हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद
टांडा रोड से डेकाकुंड अलीराजपुर तक बिछाए गए रेल मार्ग की सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी है। 1 सितंबर को 12 कोच की मेमू ट्रेन वडोदरा से टांडा रोड स्टेशन पहुंच चुकी है। रेलवे बोर्ड से यात्री सेवा शुरू करने की मंजूरी मिलने के बाद अब उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
यात्री ट्रेन शुरू होने को लेकर क्षेत्र में उत्साह है। शुक्रवार को पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने टांडा और घोर पंचायत के सरपंचों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों के शामिल होने की अपील की। जनप्रतिनिधियों के अनुसार, लंबे समय से रेल सेवा का इंतजार कर रहे क्षेत्र से हजारों लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।
सुबह वडोदरा से चलेगी, शाम को लौटेगी
प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार मेमू ट्रेन सुबह 5:30 बजे प्रतापनगर वडोदरा से रवाना होगी और जोबट होते हुए करीब 9:30 बजे टांडा रोड पहुंचेगी। ट्रेन दिनभर टांडा रोड स्टेशन पर खड़ी रहेगी। इसके बाद शाम 5 बजे टांडा रोड से वडोदरा के लिए रवाना होकर रात करीब 9 बजे प्रतापनगर वडोदरा पहुंचेगी।

16 किमी ट्रैक पर खर्च हुए 435 करोड़
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के पीआरओ अनुपम सक्सेना के अनुसार धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना की कुल लागत करीब 3,900 करोड़ रुपए है। टांडा रोड से डेकाकुंड तक 16 किमी रेल लाइन बिछाने में करीब 435 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। हालांकि, टांडा रोड से तिरला-धार तक करीब 46 किमी रेल लाइन का काम अभी बाकी है।
व्यापार और रोजगार बढ़ेगा
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि टांडा रोड से यात्री रेल सेवा शुरू होने से कुक्षी और आसपास के आदिवासी क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और पर्यटन के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह ऐतिहासिक शुरुआत होगी।