| |

एयर इंडिया का झटका: घरेलू उड़ानें 899 रुपये तक महंगी, 8 अप्रैल से लागू होगा नया किराया

पश्चिम एशिया में जारी संकट और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का असर अब हवाई यात्रियों पर साफ दिखाई देने लगा है। देश की प्रमुख एयरलाइन Air India ने अपने फ्यूल सरचार्ज में बदलाव का ऐलान किया है, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए महंगे हो जाएंगे।

एयर इंडिया समूह के अनुसार नई दरें 8 अप्रैल से लागू होंगी। इस बदलाव के बाद घरेलू उड़ानों के टिकटों में 299 रुपये से लेकर 899 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में 2,200 रुपये से लेकर 26,000 रुपये तक का इजाफा देखने को मिलेगा।

कंपनी ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा ATF की कीमतों में बढ़ोतरी की सीमा 25 फीसदी तय करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत अब घरेलू उड़ानों पर एक समान सरचार्ज की जगह दूरी आधारित नई ग्रिड प्रणाली लागू की जाएगी, जिसमें Air India Express की उड़ानें भी शामिल होंगी।

एयरलाइन के अनुसार जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल के कारण परिचालन लागत काफी बढ़ गई है। विमान ईंधन की औसत कीमत लगभग 195.19 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है, जो फरवरी के अंत में 99.40 डॉलर प्रति बैरल थी।

गौरतलब है कि इससे पहले IndiGo ने भी फ्यूल सरचार्ज में वृद्धि की थी। फ्यूल सरचार्ज वह अतिरिक्त शुल्क होता है, जो एयरलाइंस तेल की बढ़ती कीमतों के प्रभाव को संतुलित करने के लिए टिकट में जोड़ती हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और ATF की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहती है, तो आने वाले समय में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है, जिसका असर आम यात्रियों के बजट पर पड़ेगा।

Share

Similar Posts