पश्चिम एशिया से आज 30 उड़ानें संचालित करेंगी Air India और Air India Express, यात्रियों को राहत

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच Air India और Air India Express ने सोमवार को क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 30 उड़ानें संचालित करने का फैसला किया है। टाटा समूह की अगुवाई वाली इन एयरलाइंस ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी और यात्रियों को री-बुकिंग व रिफंड की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।

एयरलाइंस के अनुसार, भारत और जेद्दाह के बीच कुल 10 उड़ानें संचालित होंगी। इनमें एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से एक-एक वापसी उड़ान संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस बेंगलुरु, कोझिकोड और मैंगलोर से अपनी सेवाएं जारी रखेगी। इसके अलावा, मस्कट से चार निर्धारित उड़ानें और बेंगलुरु-कोझिकोड से रियाद के लिए चार उड़ानें भी संचालित की जाएंगी।

कंपनी ने बताया कि निर्धारित सेवाओं के अलावा संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब से 12 अतिरिक्त गैर-निर्धारित (एक्स्ट्रा) उड़ानें भी चलाई जाएंगी। हालांकि, इन उड़ानों का संचालन स्लॉट उपलब्धता और अन्य परिचालन परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। इन अतिरिक्त सेवाओं के लिए भारतीय और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति ली जा रही है।

एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि उत्तरी अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया जैसे अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानें अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही संचालित हो रही हैं। वहीं, जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के री-बुकिंग या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी बदलाव या कैंसलेशन के लिए एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें। कंपनी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो और यात्रा सेवाएं सुचारू बनी रहें।

Share

Similar Posts