पश्चिम एशिया संकट के बीच एयर इंडिया समूह की 42 उड़ानें आज संचालित

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों की सुविधा के लिए आज कुल 42 उड़ानें संचालित करने का फैसला किया है। इन उड़ानों में निर्धारित (Scheduled) और गैर-निर्धारित (Non-Scheduled) दोनों सेवाएं शामिल हैं।
एयरलाइन द्वारा जारी बयान के अनुसार, 4 अप्रैल को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली इन 42 उड़ानों में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने-जाने वाली 26 अतिरिक्त गैर-निर्धारित उड़ानें भी शामिल हैं। हालांकि, इन उड़ानों का संचालन संबंधित एयरपोर्ट पर स्लॉट उपलब्धता और अन्य परिचालन शर्तों पर निर्भर करेगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यूएई में ये सभी उड़ानें भारतीय और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद ही संचालित की जा रही हैं। एयर इंडिया समूह ने यह भी बताया कि प्रभावित यात्रियों से सीधे उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क किया जाएगा।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी संपर्क जानकारी (Contact Details) अपडेट रखें, ताकि उन्हें री-बुकिंग ऑफर्स और ऑपरेशनल अपडेट समय पर मिल सकें। इसके अलावा, जिन यात्रियों की उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द या प्रभावित हुई हैं, वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से री-बुकिंग या फुल रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एयरलाइन ने यह भी कहा है कि उत्तरी अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य क्षेत्रों के लिए सभी निर्धारित उड़ानें अपने तय समय के अनुसार संचालित हो रही हैं। वहीं, जिन रूट्स पर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित हैं, वहां के यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या पूरा पैसा वापस लेने का विकल्प दिया जा रहा है।
अधिक जानकारी और सहायता के लिए यात्री एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं या 24×7 कस्टमर सपोर्ट नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।






