|

आईपीएससी टेबल टेनिस: हिया-रीत ने जीते व्यक्तिगत खिताब; एमराल्ड हाइट्स ओवरऑल चैंपियन

इंदौर। एमराल्ड हाइट्स की रीत इंगले और हिया पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी टेबल टेनिस टूर्नामेंट में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। स्पर्धा में मेजबान एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ओवरऑल चैंपियन रहा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

रीत ने काशवी को 3-0 से हराया
अंडर-19 आयु वर्ग में एमराल्ड हाइट्स की रीत इंगले ने निर्णायक मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल की काशवी बंसल को 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं, अंडर-17 आयु वर्ग में एमराल्ड की ही हिया पटेल ने फाइनल में हैदराबाद पब्लिक स्कूल की ऐहिथि दुड्डाल को 3-1 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

अंडर-14 में आरवी जैन विजेता
अंडर-14 आयु वर्ग के अंतिम मुकाबले में डेली कॉलेज की आरवी जैन ने दिल्ली पब्लिक स्कूल की धृति गुप्ता को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक हर्षिता सिंह के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर स्पोर्ट्स ऑफिसर अकरम खान एवं संजय मिश्रा उपस्थित थे।

Share