अधिकमास आज से शुरू, उज्जैन के श्रीनाथजी की हवेली में 30 दिवसीय पुरुषोत्तम मास महोत्सव

हिंदू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) की शुरुआत रविवार, 17 मई से हो गई है, जो 15 जून तक चलेगा। इस विशेष धार्मिक माह के अवसर पर मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित ढाबा रोड पर श्रीनाथजी की हवेली में 30 दिवसीय पुरुषोत्तम मास महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पूरे माह प्रतिदिन प्रातःकालीन और संध्याकालीन मनोरथ, पूजा-अर्चना और विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।

ज्योतिषाचार्य पं. हरिहर पण्ड्या के अनुसार, पृथ्वी सूर्य की परिक्रमा 365 दिन 6 घंटे में पूरी करती है, जबकि चंद्र आधारित पंचांग लगभग 355 दिन का होता है। इसी खगोलीय अंतर को संतुलित करने के लिए हर ढाई से तीन वर्ष में एक अतिरिक्त माह जोड़ा जाता है, जिसे अधिक मास या पुरुषोत्तम मास कहा जाता है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस माह में विवाह, उपनयन और अन्य मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं। वहीं पुष्टिमार्गीय संप्रदाय में इसे भगवान की विशेष आराधना, राग-भोग और शृंगार का माह माना जाता है। इस दौरान ठाकुरजी के विविध मनोरथ, सत्संग और उत्सव आयोजित किए जाते हैं।

श्रीनाथजी की हवेली में होंगे विशेष आयोजन

आयोजन समिति के अनुसार, 17 मई से 15 जून तक प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक मनोरथ और उत्सव होंगे। इनमें फूल बंगला, रथयात्रा, कांच का बंगला, हिंडोला, सांझी उत्सव, नौका विहार, चुनरी मनोरथ, केसरिया घाटा, श्याम सगाई, पुष्प वितान और अन्नकूट-गोवर्धन पूजा जैसे विशेष आयोजन शामिल हैं।

17 मई को प्रातः संवत्सर फूल बंगला और संध्या में फूल शृंगार से महोत्सव की शुरुआत होगी। वहीं 15 जून को विशेष अन्नकूट और गोवर्धन पूजा के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा।

धार्मिक नगरी उज्जैन में अधिकमास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर प्रशासन ने भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने की बात कही है।

Share

Similar Posts