इतिहास पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आखरी सवाल’ का दमदार टीजर रिलीज

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग की बहुप्रतीक्षित फिल्म आखरी सवाल का दमदार टीज़र रिलीज हो गया है। संजय दत्त इस फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जारी किए गए इस टीज़र ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। फिल्म का निर्माण निखिल नंदा द्वारा किया गया है।

टीज़र में इतिहास के कई जटिल और विवादित मुद्दों को छुआ गया है, जिनमें महात्मा गांधी की हत्या के बाद की परिस्थितियां और बाबरी मस्जिद विवाद जैसे संवेदनशील विषय शामिल हैं। फिल्म का प्रस्तुतिकरण बेबाक और विचारोत्तेजक नजर आता है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है।

फिल्म की कहानी विक्की नाम के एक युवा स्कॉलर और उसके गुरु प्रोफेसर गोपाल नडकर्णी के बीच टकराव पर आधारित है। एक शैक्षणिक विवाद धीरे-धीरे राष्ट्रीय बहस का रूप ले लेता है, जिसमें सच्चाई की खोज और विचारों का संघर्ष मुख्य केंद्र में है।

फिल्म में अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इस फिल्म की कहानी उत्कर्ष नैथानी ने लिखी है, जबकि संगीत मोंटी शर्मा ने दिया है।

‘आखरी सवाल’ 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और अपने विषय के कारण दर्शकों के बीच गंभीर चर्चा का केंद्र बनने की संभावना है।

Share

Similar Posts