आज 18वें रोजगार मेले में 61 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित 18वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी देंगे।
यह 18वां रोजगार मेला देश के 45 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में रोजगार मिलने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ना है।
इन नवनियुक्त युवाओं की नियुक्ति गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित अन्य केंद्रीय विभागों और संगठनों में की जाएगी। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रशासनिक, तकनीकी और सेवा से जुड़े विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
गौरतलब है कि रोजगार सृजन केंद्र सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार मेला इसी दिशा में एक अहम पहल है, जिसके तहत अब तक देशभर में 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र युवाओं को वितरित किए जा चुके हैं। सरकार का मानना है कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।






