गोवा में आज से शुरू होगा 56वाँ भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2025

गोवा।
56वाँ भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2025) आज से गोवा में भव्य रूप से शुरू होने जा रहा है। दुनिया भर की फिल्मों के इस प्रतिष्ठित उत्सव को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े अंतर्राष्ट्रीय मंचों में से एक माना जाता है, जहाँ वैश्विक फिल्म उद्योग के कलाकार और विशेषज्ञ जुटते हैं।
महोत्सव की शुरुआत शानदार परेड के साथ होगी। इससे पहले आज सुबह 11 बजे सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन WAVES फिल्म बाजार का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कल शाम आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को महोत्सव के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
IFFI 2025 में भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्में, मास्टरक्लास, पैनल डिस्कशन और फिल्म मार्केट जैसी कई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। फिल्म प्रेमियों, निर्देशकों, निर्माताओं और उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के लिए यह आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।






