रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जारी की रक्षा खरीद नियमावली 2025, सशस्त्र बलों की प्रक्रियाएं होंगी सरल और पारदर्शी

नई दिल्ली।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में रक्षा खरीद नियमावली (Defence Procurement Manual – DPM 2025) जारी की है। यह नई नियमावली अगले महीने की पहली तारीख से प्रभावी होगी। इसके तहत सेना के तीनों अंग और रक्षा मंत्रालय के अधीन प्रतिष्ठान लगभग एक लाख करोड़ रुपये मूल्य की राजस्व खरीद कर सकेंगे।
श्री सिंह ने कहा कि नई डीपीएम से प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाएगा और कार्यप्रणाली में एकरूपता लाई जाएगी। उन्होंने रक्षा मंत्रालय और एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह सुधार सशस्त्र बलों को अधिक तेज़, पारदर्शी और कुशल खरीद प्रणाली उपलब्ध कराएगा।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि नई नियमावली से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) और स्टार्ट-अप्स को रक्षा निर्माण व तकनीक के क्षेत्र में अधिक अवसर मिलेंगे। इससे खरीद प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को और मज़बूती मिलेगी।
इस कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और रक्षा सचिव भी मौजूद रहे।






