| |

देवास के हाटपीपल्या में कॉलेज छात्रा की जहर खाने से मौत: घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत; पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

हाटपीपल्या, देवास। हाटपीपल्या थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर कर्णावद निवासी 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा कविता बिलवाल की जहर खाने के बाद मौत हो गई। छात्रा इंदौर के पटेल कॉलेज में सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। छात्रा ने जहर किन परिस्थितियों में खाया, इसकी जांच की जा रही है।

कॉलेज जाने के लिए सुबह घर से निकली थी छात्रा
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार कविता 23 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। करीब एक घंटे बाद उसके पिता दूलीचंद बिलवाल को एक परिचित का फोन आया और उन्हें राघोगढ़ की ओर नए हाईवे ब्रिज के पास बुलाया गया। पिता जब मौके पर पहुंचे तो वहां उनकी बेटी कविता के साथ एक युवक भी मौजूद था। इसके बाद पिता कविता को लेकर घर लौट आए।

घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक घर लौटने के कुछ देर बाद कविता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। पिता ने कारण पूछा तो छात्रा ने जहर खाने की बात बताई।

परिजन उसे तत्काल हाटपीपल्या स्थित एक निजी क्लिनिक ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे आगे उपचार के लिए चापड़ा स्थित अस्पताल ले जाने की सलाह दी। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद कविता को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
इसके बाद परिजन शव को लेकर शासकीय अस्पताल हाटपीपल्या पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया।

जांच अधिकारी निरीक्षक कविता माले के अनुसार पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस छात्रा की मौत से जुड़ी परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Share