धार में बाइक से अवैध शराब ले जा रहे 2 आरोपी गिरफ्तार: 70.32 बल्क लीटर शराब जब्त; भेजे गए उपजेल

धार। जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने इंदौर-मनावर रोड पर टोकी फाटा के पास एक दोपहिया वाहन की जांच कर 70.32 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
दो थैलों में मिली शराब
कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के आदेश और सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। कंट्रोलर सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई और आबकारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रियंका शर्मा के नेतृत्व में टीम ने टोकी फाटा के पास दोपहिया वाहन क्रमांक MP-11-Z-0467 को रोककर जांच की। वाहन पर रखे दो थैलों की तलाशी लेने पर 4 पेटी बोल्ट केन बीयर, 2 पेटी देसी प्लेन मदिरा और लंदन प्राइड व्हिस्की के 24 पाव मिले। जब्त शराब की कुल मात्रा 70.32 बल्क लीटर बताई गई है।
मौके से दो आरोपियों को पकड़ा
कार्रवाई के दौरान सुभाष पिता प्रेम सिंह (28) और कालू पिता धन सिंह (25) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
न्यायालय में पेश करने के बाद भेजा उपजेल
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों को उपजेल मनावर भेज दिया गया। कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक एकता सोनकर सहित आबकारी स्टाफ नारायण सिंह भवलकर, अमर सिंह बघेल और रोशनी का विशेष सहयोग रहा।