राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं- स्टार वही जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं: सेलेब्स से हेल्थ के लिए नुकसानदायक प्रोडक्ट्स का विज्ञापन न करने की अपील

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फिल्म इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों से हेल्थ के लिए नुकसानदायक प्रोडक्ट्स का विज्ञापन नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय कलाकारों का युवाओं पर बड़ा असर होता है।
राष्ट्रपति ने मंगलवार को गुजरात में 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि फिल्म स्टार जब अच्छी और अनुशासित लाइफस्टाइल की बात करते हैं, तो देश के करोड़ों बच्चे और युवा उनसे प्रभावित होते हैं।

राष्ट्रपति ने फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के लिए फिल्मों का चयन करने वाली हर क्षेत्रीय ज्यूरी में महिलाओं की भागीदारी होनी चाहिए। किसी भी क्षेत्र में महिलाओं की सोच शामिल होने से चीजों को देखने का नजरिया बेहतर होता है।
विमल इलायची विज्ञापन को लेकर तीन अभिनेताओं को नोटिस
हाल ही में महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन से जुड़े मामले में नोटिस जारी किया था। यह विज्ञापन विमल पान मसाला के अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रचार से जुड़ा हो सकता है। महाराष्ट्र में विमल पान मसाला प्रतिबंधित है।
नोटिस में तीनों अभिनेताओं से विज्ञापन में शामिल होने को लेकर जवाब मांगा गया था। यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट भी पहुंचा। कोर्ट ने महाराष्ट्र FDA के नोटिस को चुनौती देने वाली PB एग्रो LLP की याचिका खारिज कर दी।
अक्षय ने पान मसाला विज्ञापन से हटने का फैसला किया था
साल 2022 में अक्षय कुमार भी विमल पान मसाला के विज्ञापन को लेकर विवाद में आए थे। वह अजय देवगन और शाहरुख खान के साथ इस विज्ञापन में नजर आए थे।
इसके बाद सोशल मीडिया पर अक्षय की आलोचना हुई। लोगों ने कहा कि हेल्दी लाइफस्टाइल की बात करने वाले अभिनेता को पान मसाला ब्रांड का प्रचार नहीं करना चाहिए।
विवाद बढ़ने के बाद अक्षय ने फैंस से माफी मांगी थी। उन्होंने विमल के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर पीछे हटने का फैसला किया था। अक्षय ने कहा था कि विज्ञापन से मिली फीस को वह अच्छे काम के लिए दान करेंगे।
पुराने विज्ञापन में फिर नजर आए अक्षय
अक्टूबर 2023 में विमल का एक और विज्ञापन सामने आया। इसमें अक्षय फिर नजर आए। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। अक्षय ने सफाई दी कि उन्होंने यह विज्ञापन नया शूट नहीं किया था। यह शूट अक्टूबर 2021 में ही हो चुका था।
उन्होंने बताया कि कॉन्ट्रैक्ट की अवधि के कारण कंपनी को पुराने विज्ञापन को चलाने का अधिकार था। अक्षय ने कहा था कि वह आगे ऐसे विज्ञापन शूट नहीं करेंगे।