| |

रीवा में वर्दी पहनकर आरक्षक की रंगदारी वाली रील: ‘छाती में 6 गोली ठोक देवेले…’ गाने पर बनाया वीडियो; सर्विस गन और पुलिस जीप भी दिखाई

रीवा। मध्यप्रदेश में पुलिसकर्मियों के वर्दी में सोशल मीडिया रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रीवा से सामने आया है, जहां एक आरक्षक ने पुलिस की वर्दी में फिल्मी गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। वीडियो में आरक्षक के साथ पुलिस की सर्विस गन और जीप भी नजर आ रही हैं। रील सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया है।

फिल्मी गाने के बोल पर बनाई रील
आरक्षक की पहचान रंजीत सिंह रावत के रूप में बताई जा रही है। वायरल वीडियो में वह पुलिस की वर्दी में नज़र आ रहा है। बैकग्राउंड में भोजपुरी फिल्मी गाना चल रहा है, जिसके बोल हैं- ‘छाती में 6 गोली ठोक देवेले, शासन प्रशासन को रोक देवेले, रंगदारों के भतार होवे राजा जी।’ इसी गाने पर आरक्षक ने वीडियो शूट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया था।

सर्विस गन और पुलिस वाहन भी वीडियो में दिखे
रील में आरक्षक के अलावा पुलिस विभाग से जुड़ी चीजें भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में सर्विस गन और पुलिस जीप नजर आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस विभाग में वर्दी और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर पहले भी इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं।

SP बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले को लेकर रीवा एसपी डॉ. गुरुकरण सिंह ने बताया कि वर्दी में रील बनाने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। रील किस परिस्थिति में बनाई गई और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
पुलिसकर्मियों की वर्दी में सोशल मीडिया वीडियो और रील बनाने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। पुलिस विभाग की ओर से ऐसे मामलों में अनुशासन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद वर्दी में रील बनाने के मामले सामने आ रहे हैं। अब रंजीत सिंह रावत के मामले में जांच के बाद विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर है।

Share