इंदौर के विश्वास नगर बंजारी में देर रात तक चला राष्ट्रीय कवि सम्मेलन: देशभक्ति और श्रृंगार की कविताओं ने बांधा समां; हास्य-व्यंग्य पर खूब गूंजे ठहाके

इंदौर। विश्वास नगर बंजारी में मातेश्वरी गणेश मित्र मंडल ने राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम देर रात तक चला। बड़ी संख्या में काव्यप्रेमी यहां पहुंचे। महिलाओं की भी अच्छी मौजूदगी रही। कार्यक्रम का संचालन मनावर के वरिष्ठ कवि राम शर्मा ‘परिंदा’ ने किया। उन्होंने अपने खास अंदाज में मंच संभाला और श्रोताओं को बांधे रखा।
देशभक्ति की कविताओं से भरा जोश
पीथमपुर से आए ओज रस के कवि रूप सिंह हाड़ा ने देशभक्ति की कविताएं सुनाईं। उनकी रचनाओं पर श्रोताओं में उत्साह देखने को मिला। इसके बाद उज्जैन की कवयित्री निशा उज्जैनी ने श्रृंगार रस की कविताएं प्रस्तुत कीं। उनकी कविताओं ने कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा बना दिया।
हास्य-व्यंग्य पर खूब गूंजे ठहाके
कवि सम्मेलन में हास्य और व्यंग्य का दौर भी चला। इंदौर के राजेंद्र विश्वकर्मा, शाजापुर के जगदीश गुर्जर और पचोर के राजेश यादव ‘राज’ ने पैरोडी और हास्य कविताएं सुनाईं। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक जमकर हंसे। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
निशा उज्जैनी और राम शर्मा की जुगलबंदी रही खास
कवि सम्मेलन का खास आकर्षण निशा उज्जैनी और राम शर्मा ‘परिंदा’ की जुगलबंदी रही। दोनों की प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब पसंद किया। इस दौरान दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। समापन के बाद मातेश्वरी गणेश मित्र मंडल समिति ने सभी कवियों और काव्यप्रेमियों का आभार जताया।