इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज T20 के सभी टिकट 2 घंटे में बिके: ईस्ट गैलरी सबसे पहले फुल; पवेलियन में P2 और P1 की सबसे ज्यादा मांग

इंदौर। होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच के सभी ऑनलाइन टिकट 2 घंटे 20 मिनट में बिक गए। टिकटों की बिक्री शुक्रवार सुबह 6 बजे शुरू हुई थी। सबसे पहले ईस्ट गैलरी के टिकट खत्म हुए। इसके बाद वेस्ट गैलरी के सभी टिकट भी बिक गए। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री अधिकृत प्लेटफॉर्म District by Zomato से हुई। बिक्री शुरू होते ही क्रिकेट फैंस ने टिकट बुक करना शुरू कर दिया।
पवेलियन के P2 और P1 टिकट सबसे पहले बिके
पवेलियन कैटेगरी में P2 के टिकट सबसे पहले खत्म हुए। इसके बाद P1 के टिकट भी बिक गए। P8 और हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी के टिकट सबसे आखिर में खत्म हुए। मैच के लिए अलग-अलग कैटेगरी में टिकट की कीमत तय की गई थी। सामान्य गैलरी के टिकट 1,000 से 1,800 रुपए तक थे। पवेलियन के टिकट 5,500 से 8,500 रुपए तक रखे गए थे। हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी के टिकट की कीमत 11,000 और 12,500 रुपए थी। एक व्यक्ति अधिकतम 4 टिकट खरीद सकता था।

ऐप से भेजे गए 46 हजार नोटिफिकेशन
टिकट बिक्री शुरू होने से पहले क्रिकेट फैंस तक जानकारी पहुंचाने के लिए ऐप से करीब 46 हजार नोटिफिकेशन भेजे गए थे। टिकट बिक्री शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोगों ने बुकिंग की।
स्टूडेंट टिकट के लिए भी ज्यादा मांग
स्टूडेंट और दिव्यांग दर्शकों के लिए रियायती टिकट की प्रक्रिया पहले शुरू हो गई थी। स्टूडेंट कोटे के करीब 1,200 रजिस्ट्रेशन कुछ ही समय में पूरे हो गए थे। दस्तावेजों की जांच के बाद करीब 1,000 छात्रों को टिकट दिए जाने हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच T20 मैच 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। टिकटों की बिक्री पूरी होने के बाद मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में उत्साह और बढ़ गया है।