रतलाम में झाड़ियों में मिला 4-5 दिन का नवजात: रोने की आवाज सुन ग्रामीण पहुंचे; पुलिस ने मेडिकल कॉलेज भेजा

रतलाम। जिले के सैलाना में गुरुवार शाम झाड़ियों में एक नवजात बच्चा मिला। बच्चा शॉल में लिपटा हुआ था। उसके रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मामला सरवन मार्ग पर केदारेश्वर घाट के पास का है। ग्रामीणों ने झाड़ियों में जाकर देखा तो वहां नवजात बच्चा पड़ा था। उसकी उम्र करीब 5 से 7 दिन बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बच्चे को दूध पिलाया
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदू मईडा अपने साथियों के साथ केदारेश्वर घाट से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने पास जाकर देखा तो बच्चा शॉल में लिपटा हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
उन्होंने बताया, “हम सभी साथी रतलाम से काम करके घर जा रहे थे। रास्ते में बाथरूम के लिए रुके थे। इसी दौरान हमें छोटे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर हम लोग सरवन घाट की तरफ गए। वहां झाड़ियों में करीब 4 से 5 दिन का नवजात बच्चा मिला। बच्चा शॉल में लिपटा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि कोई उसे यहां छोड़कर चला गया है। हम सभी ने बच्चे की मदद की और उसके लिए दूध की व्यवस्था की। अभी हम बच्चे को दूध पिला रहे हैं।”
पुलिस ने मेडिकल कॉलेज भेजा
सूचना मिलते ही एसडीओपी आईपीएस लेखराज मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। ग्रामीणों से भी जानकारी ली गई। इसके बाद नवजात को इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
बच्चे को छोड़ने वाले की तलाश
शुरुआती जांच में आशंका है कि किसी महिला ने बच्चे को जन्म के कुछ दिन बाद यहां छोड़ा होगा। हालांकि, बच्चे को किसने और किन हालात में छोड़ा, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। बच्चे को झाड़ियों में छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है।