मप्र फाइनल में पहुंचा: अब आंध्र प्रदेश से खिताबी मुकाबला बेंगलुरु में खेला जा रहा; अ.भा. डॉ. कैप्टन के. थिमप्पैया मेमोरियल टूर्नामेंट

इंदौर। मध्य प्रदेश ने मुंबई को पहली पारी की बढ़त के आधार पर पराजित कर बेंगलुरु में केएससीए के तत्वावधान में खेले जा रहे अ.भा. डॉ. कैप्टन के. थिमप्पैया मेमोरियल टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मप्र ने पहली पारी में 255 रनों की मजबूत बढ़त हासिल की थी। फाइनल में अब मध्य प्रदेश का मुकाबला आंध्र प्रदेश से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में विदर्भ पर 9 विकेट की सीधी जीत के साथ खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल 25 से 28 सितंबर तक चेन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
पहली पारी में मप्र ने बनाई 255 रन की बढ़त
इस चार दिवसीय मुकाबले में मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 445 रन बनाए थे, जबकि मुंबई की पारी 255 रनों पर सिमट गई थी। अंतिम दिन के खेल में मध्य प्रदेश ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 232 रन बनाकर घोषित कर दी और मुंबई को 487 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया। अर्शद खान ने 41 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
मुंबई ने 4 विकेट पर बनाए 147 रन
मुंबई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए खेल समाप्त होने तक 55.3 ओवर में 4 विकेट पर 147 रन बनाए। मुशीर खान ने 85 रनों की पारी खेली, जिन्हें चंचल राठौर ने अजय रोहेरा के हाथों झिलवाया। सारांश जैन, आर्यन पांडे और शुभम शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।