|

3000 मीटर दौड़ में लॉरेंस स्कूल लवडेल की आद्या ने जीता स्वर्ण:एमराल्ड हाइट्स में शुरू हुई आईपीएससी एथलेटिक्स स्पर्धा

इंदौर। लॉरेंस स्कूल लवडेल की आद्या साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी एथलेटिक्स टूर्नामेंट में 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। मंगलवार से प्रारंभ हुई स्पर्धा में बालिका अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में देशभर के प्रतिष्ठित स्कूलों की एथलीटों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

पहले दिन अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की 3000 मीटर दौड़ के मुकाबले हुए। अंडर-19 में लॉरेंस स्कूल लवडेल की आद्या साहू ने 12:54.328 के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मेयो कॉलेज अजमेर की आन्या अग्रवाल दूसरे और द हैदराबाद पब्लिक स्कूल की महनिया वी. सुब्रमण्यन तीसरे स्थान पर रहीं।

डेली कॉलेज की अन्वी प्रथम रहीं
अंडर-17 की 3000 मीटर दौड़ में डेली कॉलेज इंदौर की अन्वी जैन ने 13:19.027 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। एमएनएसएस राय की सुहाना सैनी दूसरे और मेयो कॉलेज अजमेर की काशवी बागड़ी तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-14 हाई जंप में डेली कॉलेज इंदौर की ही अक्षिता सौरभ ने 1.33 मीटर की छलांग के साथ पहला स्थान हासिल किया। एमराल्ड हाइट्स की अनीशा तोलानी 1.29 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। अंडर-17 हाई जंप में लॉरेंस स्कूल लवडेल की पी.के. वेथवर्ण 1.36 मीटर की छलांग के साथ विजेता बनीं।

शॉटपुट में एमराल्ड की कामाक्षी ने बाजी मारी
अंडर-17 शॉटपुट में मेजबान एमराल्ड हाइट्स की कामाक्षी भारद्वाज ने 8.77 मीटर का प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-19 शॉटपुट में बिड़ला बालिका विद्यापीठ की अंशुल ने 9.08 मीटर के प्रदर्शन के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अजय सहनी ने किया। इस अवसर पर टेक्निकल ऑब्जर्वर अजीत पाल गिल, वीरेंद्र सिंह और एमराल्ड हाइट्स के खेल अधिकारी अकरम खान मौजूद थे।

Share