| | |

धार में महिला को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए उकसाया: सादलपुर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा; कोर्ट ने भेजा जेल

धार। सादलपुर पुलिस ने शादीशुदा महिला को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में आरोपी आबिद पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।

ब्लैकमेलिंग और दबाव का आरोप
पुलिस के अनुसार मृतिका का आरोपी के साथ संबंध था। आरोप है कि आरोपी लगातार महिला पर दबाव बना रहा था और उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतिका के परिजनों की शिकायत पर सादलपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्रवाई तेज की और आरोपी आबिद पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपी का क्षेत्र में पैदल जुलूस भी निकाला गया।

न्यायालय ने भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को जेल भेज दिया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

Share