|

धार में गणेश विसर्जन पर पुलिस का दिखा अलग अंदाज: ढोल की थाप पर नाचे जवान; अफसरों ने भी जुलूस में लिया हिस्सा

धार। गणेश विसर्जन के अवसर पर जिला पुलिस बल ने ढोल-ताशों की गूंज और उत्साह के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी जुलूस में शामिल हुए। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी इस दौरान उत्सव के रंग में नजर आए।

ढोल की थाप पर जमकर नाचे जवान
विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिसकर्मियों ने पारंपरिक ढोल-ताशों की थाप पर नृत्य किया। जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया और उत्सव का आनंद लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ जुलूस में सहभागिता की। शहर के प्रमुख मार्गों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के इस अलग अंदाज को देखने के लिए आम नागरिक भी रास्तों पर मौजूद रहे।

सुरक्षा और अनुशासन के बीच हुआ विसर्जन
पुलिस बल ने उत्सव के साथ अपनी जिम्मेदारी भी संभाली। सुरक्षा और अनुशासन के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को जलस्रोत में विसर्जित किया गया। इस दौरान पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल बना रहा। पुलिसकर्मियों ने एक साथ भगवान गणेश को भावभीनी विदाई दी। आयोजन के दौरान सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी नजर आया।

Share