आईपीएससी टेबल टेनिस में एमराल्ड की अंडर-17 टीम चैंपियन: वेल्हम गर्ल्स को 3-1 से हराया; अंडर-19 में डीपीएस ने एमराल्ड को दी मात

इंदौर। मेजबान एमराल्ड हाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अंडर-17 टीम स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। अंडर-14 टीम स्पर्धा के फाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने मॉडर्न स्कूल को 3-0 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।
अंडर-17 में एमराल्ड ने वेल्हम को हराया
अंडर-17 टीम स्पर्धा के फाइनल में मेजबान द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वेल्हम गर्ल्स स्कूल को 3-1 से पराजित किया। हिया पटेल, शांभवी साहू और वान्या मोटवानी ने एमराल्ड हाइट्स का प्रतिनिधित्व किया, जबकि वेल्हम गर्ल्स स्कूल की ओर से रिया, शायला और अद्विका ने चुनौती पेश की। इस वर्ग में डीपीएस आरके पुरम और कित्तूर रानी स्कूल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-19 में डीपीएस ने जीता खिताब
अंडर-19 टीम स्पर्धा के फाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से हराकर खिताब जीता। वेल्हम गर्ल्स स्कूल देहरादून और एमजीडी गर्ल्स स्कूल जयपुर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
साइशा ने वृंदा को हराया
बालिका वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल की साइशा खुराना ने एमराल्ड हाइट्स की वृंदा पोरवाल को 3-0 से पराजित किया। वहीं एमराल्ड हाइट्स की रीत इंगले ने वेल्हम गर्ल्स स्कूल की अनिका अग्रवाल को 3-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर-17 वर्ग में मेजबान एमराल्ड हाइट्स की हिया पटेल ने वेल्हम गर्ल्स स्कूल की रिया मंगैन को 3-0 से मात दी। अंडर-14 वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल की द्रिति गुप्ता ने एमराल्ड हाइट्स की दिशा रघुवंशी को बेहद कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया।