झाबुआ में भगवान बलराम जयंती मनाई: किसानों ने की एकजुटता की अपील; 21 सितंबर तक पूजन का आग्रह

झाबुआ। जिले के टेमरिया गांव में गुरुवार को ग्राम समिति की ओर से भगवान बलराम जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान किसानों ने भगवान बलराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर किसान समाज की एकजुटता का संदेश दिया।
भारतीय किसान संघ की परंपरा के अनुसार भगवान बलराम को कृषि, श्रम, शक्ति और किसान जीवन का प्रतीक माना जाता है। इसी भाव के साथ गांव के किसानों ने सामूहिक रूप से जयंती उत्सव में भाग लिया।
फोरलेन प्रभावित किसानों से 21 सितंबर तक पूजन का आग्रह
कार्यक्रम में जिला मंत्री वर्दीचंद पाटीदार ने बताया कि फोरलेन निर्माण से प्रभावित किसान भाइयों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे 21 सितंबर तक अपने-अपने गांवों में भगवान बलराम का पूजन कर जयंती उत्सव मनाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य गांव-गांव तक भगवान बलराम के संदेश को पहुंचाना और किसान समाज में एकजुटता को मजबूत करना है।
बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं शामिल
भगवान बलराम जयंती के आयोजन में टेमरिया के बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने सहभागिता की। ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना के साथ उत्सव मनाया। इस अवसर पर ग्राम समिति अध्यक्ष रणछोड़ लाल आंजना, मंत्री ईश्वर आंजना, सदस्य रामेश्वर आंजना सहित बड़ी संख्या में किसान और माता-बहनें मौजूद रहीं।