धार गर्ल्स कॉलेज में युवा चौपाल: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की दी जानकारी; छात्राओं से ऑनलाइन पंजीयन की अपील

धार। इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम को लेकर धार में युवाओं और छात्र-छात्राओं के बीच जनसंपर्क किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय गर्ल्स कॉलेज में युवा चौपाल आयोजित की गई। इसमें जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनुपमा राठौर ने छात्राओं को कार्यक्रम की रूपरेखा और इसमें शामिल होने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी के छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करने की जानकारी सार्वजनिक की गई है। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की समस्याओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।
कॉलेज और हॉस्टल में पहुंचकर कर रहे संपर्क
स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से कॉलेजों और छात्रावासों में जाकर युवाओं से कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की जा रही है। कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों को ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया समझाई जा रही है और मौके पर ही पंजीयन भी कराया जा रहा है।
युवा चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनुपमा राठौर ने कहा कि कार्यक्रम में छात्रों को अपनी बात और सवाल रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने छात्राओं से कार्यक्रम में शामिल होने और अपने मुद्दे सामने रखने की अपील की।
फीस, हॉस्टल, परीक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा
राठौर ने कहा कि छात्रों की बढ़ती फीस, हॉस्टल की सुविधाएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, पेपर लीक और डिग्री के बाद रोजगार जैसे मुद्दों को कार्यक्रम में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर में होने वाले कार्यक्रम के माध्यम से छात्र अपनी समस्याएं और सवाल सामने रख सकेंगे। राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद प्रस्तावित है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी आयोजन की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार, पूर्व जिला महासचिव धर्मेंद्र राठौर, जिला मीडिया प्रभारी मनोज चौहान, सोनू ठाकुर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को आयोजित होना है। कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण की ओर से जमीन आवंटित किए जाने और आयोजन को शर्तों के साथ मंजूरी मिलने की जानकारी भी सामने आई है।