|

झाबुआ में पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 22 हजार के इनामी वारंटी पकड़े; 6 आबकारी केस दर्ज

झाबुआ। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए झाबुआ पुलिस ने रातभर विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में हुई कार्रवाई में 3 राजपत्रित अधिकारियों समेत 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। अभियान के दौरान पुलिस ने फरार अपराधियों, स्थायी वारंटियों, निगरानी बदमाशों और अन्य वांछित आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

21 इनामी वारंटी समेत 22 गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 21 इनामी स्थायी वारंटी शामिल हैं। इन वारंटियों पर कुल 22 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इसके अलावा पुलिस ने 20 गिरफ्तारी वारंटों की तामील भी की। पुलिस टीमों ने जिलेभर में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर वांछित आरोपियों की तलाश की और उनके संभावित ठिकानों की जांच की।

78 गुंडों और 62 निगरानी बदमाशों का सत्यापन
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 78 गुंडा चेक और 62 निगरानी बदमाशों का सत्यापन किया। इसके साथ ही 10 संपत्ति संबंधी अपराधियों और 1 जिला बदर अपराधी की भी जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की। आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।

अवैध शराब के 6 मामले दर्ज
अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 6 प्रकरण दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, विशेष कांबिंग गश्त का उद्देश्य फरार और वांछित अपराधियों पर कार्रवाई करने के साथ ही जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों में कानून का भय कायम रखना है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष कांबिंग गश्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान के जरिए आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का प्रयास किया जाएगा।

Share