प्रदेश प्रकाश की खबर का असर- रीवा के CMO शंखधर पांडेय सस्पेंड; महिला सहकर्मी को फोन कर घर बुला रहे थे; रिकॉर्डिंग हुई लीक

रीवा। अपनी सहकर्मी को परेशान करने और फोन करके घर बुलाने वाले चाकघाट नगर परिषद के सी.एम.ओ. की खबर सबसे पहले परदेश प्रकाश ने प्रकाशित की थी जिसका असर हुआ और आज ही कमिश्नर ने सीएमओ को सस्पेन्ड कर दिया।
महिला कर्मचारी की शिकायत पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने एसडीएम को मामले की जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने बुधवार को अधिकारी के निलंबन के आदेश जारी किए। महिला मंगलवार को शिकायत लेकर कलेक्टर के पास पहुंची थी।
बात नहीं मानने पर नौकरी से निकाला
मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें अधिकारी की आवाज में महिला कर्मचारी से निजी तौर पर कमरे में समय बिताने की बात कही जा रही है। महिला का आरोप है कि अधिकारी ने फोन पर उससे अनैतिक अपेक्षा की और इसे स्वीकार नहीं करने पर उसके खिलाफ नौकरी से हटाने की कार्रवाई की गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई
कलेक्टर के प्रतिवेदन के आधार पर रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने प्रभारी CMO के निलंबन के आदेश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के संबंध में कलेक्टर रीवा द्वारा कराई गई जांच में कार्यालय की महिला कर्मचारी से फोन पर अमर्यादित और अशोभनीय बातचीत के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा
निलंबन अवधि में शंखधर पांडेय का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन कार्यालय रीवा रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम, 1966 के तहत की गई है।
यह है पूरा मामला
मंगलवार को चाकघाट नगर परिषद के CMO शंखधर पांडेय ने महिला कंप्यूटर ऑपरेटर ने आपत्तिजनक डिमांड करने का आरोप लगाया था। महिला का कहना है कि CMO ने उसे दो घंटे कमरे में साथ रहने को कहा और भरोसा दिलाया कि किसी को इसकी जानकारी नहीं होगी। बातचीत का ऑडियो भी सामने आया है। महिला के मुताबिक, डिमांड मानने से इनकार करने पर उसे नौकरी से हटा दिया गया। मंगलवार को महिला ने कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से शिकायत की, जिसके बाद SDM से जांच कराई गई। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर कलेक्टर ने CMO के निलंबन का प्रस्ताव कमिश्नर कार्यालय भेजा।