|

ओजस्वी ने टॉप सीड तन्वी को हराकर किया बड़ा उलटफेर: पहला गेम हारने के बाद धमाकेदार वापसी; जूनियर जिला बैडमिंटन के फाइनल में पहुंचीं

इंदौर। गैर वरीयता प्राप्त ओजस्वी भालावे ने शीर्ष वरीयता प्राप्त तन्वी दुबे को 9-15, 15-6, 15-8 से पराजित कर बड़ा उलटफेर दर्ज करते हुए इंदौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (आईडीबीए) द्वारा आयोजित 51 हजार इनामी जूनियर जिला बैडिमंटन चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। वरीयता प्राप्त मिश्का गुप्ता और दिवा चौकसे को भी हार का मुंह देखना पड़ा।

पहला गेम हारकर ओजस्वी की धमाकेदार वापसी
नेहरू स्टेडियम बैडमिंटन हॉल में खेली जा रही स्पर्धा के बालिका एकल 17 वर्ष आयु वर्ग के सेमीफाइनल में ओजस्वी भालावे ने पहला गेम हारने के बाद धमाकेदार वापसी करते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त तन्वी दुबे को पराजित कर अंतिम मुकाबले में जगह बनाई। एक अन्य सेमीफाइनल में दिवा चौकसे (3) ने दूसरी वरीयता प्राप्त मिश्का गुप्ता को 15-6, 15-13 से हराया।

टॉप सीड मिश्का भी बाहर
बालिका एकल अंडर-19 वर्ष में दोनों शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों को हार का मुंह देखना पड़ा। गैर वरीयता प्राप्त कृति तिवारी ने टॉप सीड मिश्का गुप्ता को 13-15, 21-20, 15-11 और गिरिजा जाधव ने दूसरी वरीयता प्राप्त दिवा चौकसे को 15-9, 5-15, 15-13 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

काव्य ने 14 साल के आरवराज को हराया
बालक एकल अंडर-17 वर्ष में 14 साल के आरवराज सिंह बग्गा और टॉप सीड काव्य शर्मा के बीच रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। काव्य शर्मा ने इस मुकाबले में संघर्ष के बाद आरवराज सिंह बग्गा को 15-9, 15-17, 15-12 से पराजित कर अंतिम मुकाबले में जगह बनाई। एक अन्य सेमीफाइनल में जय सोनी ने प्रज्ञान सलूजा को 9-15, 15-13, 15-11 से हराया।

ओम और काव्य में फाइनल
बालक एकल अंडर-19 वर्ष में खिताबी मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त ओम पटेल और दूसरी वरीयता प्राप्त काव्य शर्मा के बीच खेला जाएगा। सेमीफाइनल में ओम पटेल ने भरत खत्री को 15-8, 15-7 से और काव्य शर्मा ने भव्य पुरोहित (3) को 15-12, 15-8 से हराया।

युगल वर्ग के फाइनल भी तय
बालक युगल अंडर-17 वर्ष आयु वर्ग का फाइनल वीर खरे-काव्य शर्मा और प्रज्ञान सलूजा-जय सोनी की जोड़ी के बीच खेला जाएगा, जबकि बालिका युगल के फाइनल में दीर्घा अहिरवार-जया यादव और रेनी अग्रवाल-तन्वी दुबे की जोड़ी अंतिम मुकाबला खेलेंगी।

Share