| | |

सेंधवा में परीक्षा देकर लौट रही छात्रा हमला: पिस्तौल से फायर मिस होने पर चाकू से गोदा; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

सेंधवा। कॉलेज परीक्षा के ठीक बाद परीक्षा हॉल से बाहर निकल रही छात्रा पर एक युवक ने हमला कर दिया। आरोपी युवक ने पहले अपनी देशी पिस्टल से छात्रा पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गनीमत रही कि फायर मिस हो गया। इसके बाद भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने धारदार चाकू से छात्रा की पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस खौफनाक हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है।

तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद साहसी लोगों और छात्रों ने मुस्तैदी दिखाते हुए हमलावर युवक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

वीर बलिदानी खाज्या नायक कॉलेज के पास की घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सेंधवा शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का है। यहां बीए प्रथम वर्ष की छात्रा संगीता सेनानी निवासी उमरिया पानी अपनी परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही परीक्षा हॉल से बाहर निकल रही थी, घात लगाए बैठे आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी की पहचान बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र गणेश पिता कर्मसिंग ठाकुर, निवासी सोनखेड़ी, थाना वरला के रूप में हुई है।

फायर मिस होने पर चाकू से किया वार
सेंधवा शहर थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी गणेश एकतरफा जुनून में डूबा हुआ था। उसने कॉलेज परिसर के बाहर छात्रा पर पहले देशी पिस्टल से फायर किया, लेकिन तकनीकी रूप से गोली नहीं चली (फायर मिस हो गया)। इसके तुरंत बाद उसने आक्रोशित होकर अपने पास रखे चाकू से छात्रा की पीठ पर वार कर दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा का शासकीय अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उपचार चल रहा है।

एकतरफा प्यार और शादी से इनकार बना हमले की वजह
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी युवक पीड़िता छात्रा से जबरन शादी करना चाहता था। छात्रा द्वारा उसके इस प्रस्ताव को लगातार ठुकराए जाने और इनकार किए जाने से बौखलाए आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आरोपी को अपनी सख्त अभिरक्षा में ले लिया है और उसके खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी के पास देशी पिस्टल कहां से आई थी और इस साजिश में कोई और शामिल है या नहीं।

Share