| | | |

मोदी के 25 साल के सेवा सफर पर इंदौर में बड़ा आयोजन: राजवाड़ा पर जलेंगे 2.51 लाख दीप; 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा इंदौर महानगर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के दौरान 13 रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने 85 वार्डों, 35 मंडलों, 345 शक्ति केंद्रों और 2097 बूथों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को दीपोत्सव से होगी। शाम 7 बजे शहर में लाभार्थी परिवारों और आमजन के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा, जबकि रात 8 बजे राजवाड़ा क्षेत्र में 2 लाख 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

शहरभर में 5 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। मप्र के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी। इस दौरान अभियान नगर टोली संयोजक जीतू जिराती, सहसंयोजक एवं सांसद शंकर लालवानी सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

विजयवर्गीय बोले- मोदी के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उन्होंने स्वयं को जनसेवक के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

गुजरात के वडनगर के एक सामान्य परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन में लंबी यात्रा तय की है। बचपन के अनुभवों, सादगी, परिश्रम और अनुशासन ने उनके व्यक्तित्व को आकार दिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क और प्रचारक जीवन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में किए गए प्रवास ने उन्हें समाज के अलग-अलग वर्गों को समझने का अवसर दिया।

देश आत्मविश्वास से ले रहा फैसले
विजयवर्गीय बोले- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर आत्मविश्वास और गौरव के साथ आगे बढ़ रहा है। चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लेने में सक्षम हुआ है। उन्होंने आर्थिक विकास, डिजिटल भुगतान, वैश्विक व्यापार और भारतीय मुद्रा में व्यापार की दिशा में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने और जीएसटी लागू करने जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में लिए गए। प्रधानमंत्री ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश के महापुरुषों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मान देने का काम किया।

17 सितंबर को घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि 17 सितंबर को अभियान की शुरुआत के साथ शाम 7 बजे शहर के 2097 बूथों पर लाभार्थी परिवारों और आमजन के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके साथ विकसित भारत-2047 का संकल्प भी लिया जाएगा।

रात 8 बजे राजवाड़ा पर भव्य दीपोत्सव होगा। अहिल्या प्रतिमा और राजवाड़ा परिसर के आसपास निर्धारित क्षेत्रों में कार्यकर्ता और आमजन दीप प्रज्वलित करेंगे। राजवाड़ा के अलावा खजराना, मरीमाता चौराहा, भंवरकुआं चौराहा, अग्रसेन चौराहा, रणजीत हनुमान मंदिर, बड़ा गणपति, परदेशीपुरा चौराहा, वीर सावरकर चौराहा और महूनाका चौराहा सहित कई स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन किया जाएगा।

7 अक्टूबर को पूरे होंगे मोदी के संवैधानिक जीवन के 25 वर्ष
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके लगातार 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात में प्रशासनिक अनुभव के बाद वर्ष 2014 में मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश की जिम्मेदारी संभाली और स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ बताया।

लालवानी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर नल से जल, आयुष्मान भारत और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियान नए अवसर लेकर आए हैं।

13 कार्यक्रमों से लोगों के बीच पहुंचेगी भाजपा
सुमित मिश्रा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच 13 अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन और योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेगी। अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में सेवा चित्र, आंगन का मिलन, सेवा मेरा योगदान, सेवा के रंग, सेवा स्मरण, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी यात्रा और सेवा सेतु अभियान शामिल हैं। इसके अलावा जनसेवक महाकुंभ, पंचायत से पार्लियामेंट सुशासन सेवा संवाद, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज और ‘25 साल, 25 कहानियां’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

19 से 26 सितंबर तक चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं
‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत 19 से 26 सितंबर तक जिला स्तरीय विद्यालयीन चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभय प्रशाल में ‘विकसित भारत’ और ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा दीदियों का होगा सम्मान
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके तहत शहर के आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजन कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा बच्चों को फल और मिठाई भी वितरित की जाएगी।

एमवाय अस्पताल में चलेगा बड़ा स्वच्छता अभियान
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 2 से 10 अक्टूबर के बीच महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाय अस्पताल) परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। भाजपा के अनुसार, करीब 25 एकड़ में फैले अस्पताल परिसर में कार्यकर्ता सफाई अभियान चलाएंगे। इसके अलावा 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शहर के सभी 85 वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।

फीनिक्स मॉल के सामने मानव श्रृंखला से बनेगा भारत का नक्शा
‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत 9 और 10 अक्टूबर को बायपास स्थित फीनिक्स मॉल के सामने मानव निर्मित रंगोली बनाकर विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा का दावा है कि इस कार्यक्रम में हजारों नागरिकों और बच्चों की सहभागिता से भारत का विशाल मानचित्र बनाया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों और उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत की जाएगी।

नुक्कड़ नाटक से बताएंगे विकसित भारत-2047 का संकल्प
19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प और केंद्र सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

हर शक्ति केंद्र से जुटाई जाएंगी 10 बदलाव की कहानियां
‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की प्रेरक कहानियों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। प्रत्येक शक्ति केंद्र से 10-10 कहानियों का संग्रह किया जाएगा।

7 अक्टूबर को बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक सेवा ज्योति यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर 7 अक्टूबर को इंदौर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा बड़ा गणपति से शुरू होकर राजवाड़ा तक पहुंचेगी। सभी वार्डों से कार्यकर्ता मंडल और विधानसभा स्तर पर एकत्रित होकर बड़ा गणपति पहुंचेंगे। इसके बाद बड़ी यात्रा शुरू होगी, जिसमें कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर शामिल होंगे और विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेंगे।

वडनगर से वाराणसी यात्रा का इंदौर में होगा स्वागत
अभियान के तहत ‘वडनगर से वाराणसी’ यात्रा भी निकाली जाएगी। गुजरात के वडनगर और वाराणसी के बीच दोनों दिशाओं से यात्राएं शुरू होंगी। गुजरात की विभिन्न पवित्र नदियों का जल लेकर यात्री वडनगर से काशी पहुंचेंगे और वहां जलाभिषेक करेंगे। इसी तरह काशी से भी यात्रा वडनगर के लिए रवाना होगी। भाजपा के अनुसार, 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी और इंदौर पहुंचने पर उनका स्वागत किया जाएगा।

2 से 10 अक्टूबर तक ‘सरकार आपके द्वार’ जैसा सेवा सेतु अभियान
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

जीतू जिराती बोले- 25 वर्षों तक जनता का आशीर्वाद मिलना स्वर्णिम अध्याय
अभियान संयोजक जीतू जिराती ने कहा कि भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार 25 वर्षों तक जनता का आशीर्वाद मिलना लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद और जनसंपर्क जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभार्थियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

Share