| |

रीवा में महिला कर्मचारी के अपमान पर कलेक्टर का एक्शन: बोले- ऑडियो की पुलिस से कराएंगे जांच; CMO पर होगी कार्रवाई

रीवा। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने हाल ही में सामने आए एक वायरल ऑडियो के मामले में कहा है कि यह बेहद निंदनीय है। किसी भी अधिकारी के साथ कार्यालय में काम करने वाली अपनी महिला कर्मचारी और किसी भी परिवार के सम्मान को इस प्रकार ठेस बिल्कुल नहीं पहुंचाई जानी चाहिए।

वायरल ऑडियो चाकघाट नगर परिषद से संबंधित है। इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने बताया कि संबंधित महिला ऑपरेटर स्वयं उनके पास आई थी और अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत मिलते ही उन्होंने तत्काल अपने SDM को मामले की जांच करने के निर्देश दिए थे। SDM द्वारा की गई शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह आवाज चाकघाट के सीएमओ शंखधर पांडेय की ही है।

कमिश्नर कार्यालय भेजी गई निलंबन की शिकायत
कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने आगे बताया कि सीएमओ द्वारा की गई इन गंभीर गलतियों और महिला कर्मचारी की शिकायत को उन्होंने कमिश्नर कार्यालय में भिजवा दिया है। चूंकि किसी भी सीएमओ को निलंबित करने का या उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अधिकार वरिष्ठ कार्यालय के पास होता है, इसलिए महिला कर्मचारी की शिकायत वहां भेज दी गई है ताकि उनके स्तर पर सीएमओ के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

ऑडियो का पुलिस सत्यापन और सख्त संदेश
ऑडियो की सत्यता और तकनीकी सत्यापन के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि इस ऑडियो को पुलिस विभाग को भी सौंपा जाएगा ताकि पुलिस के माध्यम से भी इसका आधिकारिक और कानूनी वेरिफिकेशन कराया जा सके। प्रशासन का यह स्पष्ट संदेश है कि महिला कर्मचारियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share