LAC पर चीन ने घटाई सैनिकों की तैनाती: सेना ने कहा- भारत की तैयारी मजबूत, हर चुनौती के लिए तैयार; J&K में पत्थरबाजी शून्य

नई दिल्ली। चीन ने 2025 में LAC पर अपने सैनिकों की संख्या कम की है। भारतीय सेना की 2025-26 की सालाना रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, LAC और चीन के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटरों में अब करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के बराबर सैनिक तैनात हैं। LAC के सभी सेक्टर में भारतीय सेना की तैनाती मजबूत है। सेना किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।
रिपोर्ट में जम्मू-कश्मीर के हालात में भी सुधार बताया गया है। 2025 में हिंसा और विरोध-प्रदर्शन कम हुए। इस दौरान पत्थरबाजी की एक भी घटना नहीं हुई। हालांकि, LoC पर सीजफायर उल्लंघन बढ़े हैं। पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की कोशिशें भी जारी रहीं। ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजना भी सुरक्षा के लिए चुनौती बना हुआ है।
भारत-चीन के बीच फिर शुरू हुई बातचीत
2025 में भारत और चीन के बीच सैन्य बातचीत फिर शुरू हुई। अक्टूबर में पूर्वी लद्दाख में कोर कमांडर स्तर की 23वीं बैठक हुई। दोनों देशों के सैनिकों के बीच बॉर्डर पर्सनल मीटिंग भी हुई। बैठकों का माहौल शांत रहा। दोनों देशों ने बातचीत के जरिए सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों को सुलझाने की कोशिश की। बातचीत के साथ चीन की सैनिक तैनाती भी कम हुई। इससे उत्तरी सीमा पर स्थिति पहले से ज्यादा स्थिर हुई।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना ने की समीक्षा
रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र है। इस ऑपरेशन में भारत की खुफिया व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल सामने आया। ऑपरेशन के बाद सेना ने अपनी तैयारियों की समीक्षा की। इसमें कमियों को दूर करने पर ध्यान दिया गया। सेना अब नई तकनीक, बेहतर तालमेल और सैन्य ढांचे में बदलाव पर काम कर रही है।
J&K में हिंसा कम हुई
रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति नियंत्रण में रही। 2025 में हिंसा और विरोध-प्रदर्शन कम हुए। पत्थरबाजी की कोई घटना नहीं हुई। इस साल सिर्फ एक स्थानीय युवक आतंकी संगठन में शामिल हुआ। इससे पाकिस्तान के उस दावे पर सवाल उठता है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को स्थानीय युवाओं का समर्थन मिल रहा है।
LoC पर 6 बार घुसपैठ की कोशिश
2025 में आतंकियों ने LoC से 6 बार घुसपैठ की कोशिश की। इन कोशिशों के दौरान 12 पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया। पिछले कुछ सालों की तुलना में घुसपैठ की कोशिशें कम हुई हैं। लेकिन सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ भेजने की कोशिशें जारी हैं।
ड्रोन से हथियार और नशा भेजने की कोशिश
अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों ने हथियार और नशीला सामान बरामद किया। इसमें 2 AK-47, 75 पिस्तौल और 281.41 किलो नशीला सामान शामिल है। सेना का कहना है कि यह सामान ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजा गया था।
रिपोर्ट में बताया गया कि पंजाब में ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ा है। इनका इस्तेमाल हथियार और नशा भेजने के अलावा सीमा पर निगरानी के लिए भी किया जा रहा है।