सेंधवा में नदी में बहे पति-पत्नी: 6 KM दूर मिला पत्नी का शव, पति की तलाश जारी; पुलिया नहीं होने से हुआ हादसा

सेंधवा। वरला थाना क्षेत्र के बलवाड़ी निवासी दंपति खेत से घर लौटने के दौरान अरूणावती नदी के तेज बहाव में बह गए। सोमवार सुबह घटनास्थल से 5 से 6 किलोमीटर दूर बालवाड़ी की नई पुलिया के पास पत्नी का शव मिला है।
रेस्क्यू टीम पति की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार बलवाड़ी निवासी किसान किशोर सोनवाने अपनी पत्नी कोमल सोनवाने के साथ रविवार सुबह 11 बजे 6 किलोमीटर दूर भूरी किराड़ फलिया अपने खेत में उड़द तोड़ने के लिए गए थे।
देर शाम तक पति-पत्नी जब घर नहीं लोटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पहले उन्होंने खेत पर जाकर ढूंढा। इसके बाद नदी में आसपास तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। देर शाम को परिजनों ने वरला थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
नए पुल के पास मिला शव
पुलिस ने 10 से 20 किलोमीटर के दायरे में तलाश करने की पर कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह 6 किलोमीटर दूर बालवाड़ी की अरूणावती नदी के नए पुल के पास पत्नी कोमल का शव बरामद हुआ। वही पति किशोर अभी लापता है जिसकी तलाश की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र
सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे हैं महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। आशंका जताई जा रही है की पानी के तेज बहाव के बीच नदी पार करने के दौरान दोनों बह गए।
काफी समय से कर रहे पुलिया निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि भूरी किराड़ फलिया में क्षेत्र के कई किसानों के खेत है जो नदी के उस पार है। खेत में आने जाने के लिए ग्रामीण लंबे समय से पुलिया निर्माण की मांग कर रहे हैं। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में मजबूरी में लोगों को पानी के बीच से होकर नदी को पार करते हुए अपने खेतों की ओर जाना पड़ता है जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
पति किशोर की तलाश जारी
वरला थाना प्रभारी नारायण रावल ने बताया कि घटना को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है। पत्नी कोमल का शव बरामद हुआ है पति किशोर की तलाश जारी है। संभवत पानी के तेज बहाव के बीच नदी पर करने के दौरान दोनों बह गए है घटना को लेकर जांच जारी है।