| |

धार में पुरानी रंजिश में तलवार-डंडे से हमला: 2 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने हथियार किए जब्त

धार। धामनोद थाना क्षेत्र के सुन्द्रेल में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने जल्द कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की धारदार तलवार और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

4 अगस्त की रात हुआ था हमला
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे सुन्द्रेल निवासी दीपांशु वर्मा अपने मौसेरे भाई दीपक वर्मा के साथ घर पर थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश और आपसी विवाद को लेकर आरोपियों ने उन पर जान से मारने की नीयत से तलवार और चाकू से हमला कर दिया।

हमले में दोनों घायल हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फरियादी दीपांशु वर्मा की शिकायत पर धामनोद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

तलवार और डंडा जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार और एक लकड़ी का डंडा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए धार एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन में, एएसपी विजय डावर और एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संतोष पिता सखराम मेवाड़े (44), निवासी कहार मोहल्ला, सुन्द्रेल और नाना उर्फ रवि पिता छगनलाल मेवाड़े (39), निवासी कहार मोहल्ला, सुन्द्रेल को गिरफ्तार कर लिया।

इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह यादव, उपनिरीक्षक सावन मुवेल, प्रधान आरक्षक करमेन्द्र रावत, भारत सिंह डावर, आरक्षक अरविन्द पवार सहित धामनोद पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share