|

रीवा में शुक्रवार को बैंक बंद: कर्मचारियों ने निकाला जुलूस; शनिवार-रविवार अवकाश की मांग

रीवा। शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल के कारण कई बैंक शाखाओं के दरवाजों पर ताले लगे रहे और ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा।

बैंककर्मी सुबह से ही हड़ताल पर रहे और बाद में अपनी मांगों को लेकर जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। बैंक कर्मचारियों ने शाखाओं के बाहर एकजुट होकर नारेबाजी की।

5 दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग
जुलूस के दौरान कर्मचारियों ने 5 दिन का कार्य सप्ताह लागू करने समेत अपनी दूसरी मांगों को लेकर आवाज उठाई। बैंक यूनियनों का कहना है कि 5 दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग लंबे समय से रुकी हुई है।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हुआ ज्यादा असर 
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में दिखाई दिया। शाखाओं में कैश जमा और निकासी, चेक जमा, चेक क्लियरेंस, केवाईसी और दूसरे शाखा आधारित काम प्रभावित रहे। हालांकि ए.टी.एम यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य तौर पर उपलब्ध रहने की उम्मीद है।

सोमवार से शुरू होगा काम 
हड़ताल के कारण शुक्रवार के बाद शनिवार को दूसरा शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने से लगातार 3 दिन शाखाओं का नियमित कामकाज प्रभावित रहेगा। ऐसे में बैंक से जुड़े जरूरी काम के लिए ग्राहकों को अगले कार्यदिवस का इंतजार करना पड़ सकता है।

आगे भी हड़ताल का ऐलान किया
बैंक यूनियनों ने सितंबर में आगे भी हड़ताल का ऐलान किया है। 28, 29 और 30 सितंबर को भी देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। इसके अलावा मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है।

Share