| |

इंदौर से 15 हजार बसों की सुगम परिवहन सेवा का लक्ष्य: 25 सितंबर से शुरू होगी योजना; गांव-कस्बों को शहरों से जोड़ेगी

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को दो दिवसीय यात्री परिवहन समिट 2026 का शुभारंभ किया। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की घोषणा की। यह सेवा 25 सितंबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 20 साल बाद परिवहन क्षेत्र में सरकार नया मॉडल ला रही है।  इसमें बस ऑपरेटर भी सुरक्षित रहेंगे और यात्रियों को नई तकनीक का फायदा मिलेगा।

सरकार का लक्ष्य 2030 तक पंचायत स्तर तक 15 हजार से अधिक बसों के जरिए सेवा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल समय पर, सुरक्षित और सुगम यात्रा देने पर केंद्रित होगा। पिछले महीने इंदौर को मेट्रो की सौगात मिली है। अब परिवहन व्यवस्था में ईवी बसों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

25 सितंबर से शुरू होगी सेवा
परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर शुरू होगी। यह सेवा शहरों को गांव और कस्बों से जोड़ेगी। यह सेवा पीपीपी मोड पर संचालित होगी। इसका संचालन निजी बस ऑपरेटर करेंगे। सरकार का लक्ष्य अगले 2 से 3 साल में पूरे प्रदेश में व्यवस्थित परिवहन सिस्टम तैयार करना है।

ई-बसों को प्राथमिकता
परिवहन मंत्री ने बताया कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ई-बसों को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि डीजल, पेट्रोल और सीएनजी बसें भी सेवा में चलेंगी। दो दिवसीय समिट में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नए मैकेनिज्म पर मंथन किया जा रहा है। सरकार का फोकस सुरक्षित और बेहतर परिवहन व्यवस्था तैयार करने पर है।

Share