साइबर ठगी पर क्राइम ब्रांच का शिकंजा: 10 हजार से ज्यादा बैंक अकाउंट फ्रीज; करीब 6 करोड़ रुपए होल्ड-रिकवर

इंदौर। साइबर ठगी के खिलाफ क्राइम ब्रांच लगातार कार्रवाई कर रही है। जनवरी से अब तक पुलिस ने साइबर फ्रॉड से जुड़े 10 हजार से अधिक बैंक अकाउंट फ्रीज कराए हैं। इन खातों में करीब 6 करोड़ रुपए की ठगी की राशि होल्ड या रिकवर कराई गई है। इसके अलावा हजारों मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट पर भी कार्रवाई की गई है।
60 करोड़ से ज्यादा की संदिग्ध राशि सामने आई
इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए शिकायतों की लगातार जांच की जा रही है। जनवरी से अब तक साइबर ठगी से जुड़े 10 हजार से अधिक बैंक अकाउंट फ्रीज कराए गए हैं। इन खातों में करीब 6 करोड़ रुपए की राशि को होल्ड या रिकवर कराने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक, इस अवधि में साइबर फ्रॉड से जुड़ी 60 करोड़ रुपए से अधिक की संदिग्ध राशि भी सामने आई है।

फर्जी और हैक किए गए फेसबुक अकाउंट पर कार्रवाई
क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी और हैक किए गए अकाउंट के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। करीब एक हजार से अधिक फेसबुक अकाउंट ऐसे सामने आए हैं, जिन्हें या तो हैक किया गया था या फर्जी तरीके से बनाया गया था। क्राइम ब्रांच इन अकाउंट्स को बंद कराने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए काम कर रही है।
शिकायत मिलते ही रकम होल्ड कराने का प्रयास
साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का प्रयास रहता है कि ठगी की रकम को जल्द से जल्द होल्ड कराया जा सके। इससे पीड़ितों को राहत दिलाने में मदद मिलती है।