बांग्लादेश ने कहा- भारत ने तारिक रहमान को PM के तौर पर नहीं बुलाया: BRICS समिट में नहीं जाएंगे; BIMSTEC अध्यक्ष के रूप में मिला न्योता

नई दिल्ली। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान BRICS समिट में शामिल नहीं होंगे। यह समिट 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने जा रहा है। बांग्लादेश सरकार ने BRICS समिट में तारिक रहमान की गैर-मौजूदगी को लेकर अपनी स्थिति साफ की है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि भारत का न्योता BIMSTEC अध्यक्ष के तौर पर था। बांग्लादेश फिलहाल भारत के साथ सीधे द्विपक्षीय संपर्क और बातचीत को प्राथमिकता देना चाहता है।

PM बनने के बाद भारत नहीं आए तारिक रहमान
तारिक रहमान फरवरी 2026 में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का न्योता दिया था। रहमान भारत नहीं आए। उन्होंने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए मलेशिया को चुना। इसके बाद वे चीन भी गए।

बांग्लादेश BRICS में शामिल होना चाहता है। जून में उसने रूस से BRICS सदस्यता की दावेदारी का समर्थन करने की अपील भी की थी। इसके बावजूद तारिक रहमान का BRICS समिट में शामिल नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
भारत से दूरी के संकेत?
यह फैसला भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में जारी तनाव को दिखाता है। तारिक रहमान की सरकार अपनी विदेश नीति में भारत के अलावा दूसरे देशों के साथ भी संबंध मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
बांग्लादेश पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के मक्का सुरक्षा समझौते में शामिल होने में भी रुचि दिखा चुका है। हालांकि, उसे अभी इस समझौते में शामिल होने का न्योता नहीं मिला है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बांग्लादेश अपनी विदेश नीति में ज्यादा विकल्प रखना चाहता है। हालांकि, भारत के साथ रिश्ते उसके लिए अब भी महत्वपूर्ण हैं।
BIMSTEC क्या है?
BIMSTEC बंगाल की खाड़ी क्षेत्र के 7 देशों का संगठन है। इसमें भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, म्यांमार और थाईलैंड शामिल हैं। इसका उद्देश्य इन देशों के बीच व्यापार, तकनीक, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है।