| |

सेंधवा में गांजे की अवैध फसल पर कार्रवाई: 6,185 पौधे जब्त; 10.71 क्विंटल फसल की कीमत 50 से 52 लाख

सेंधवा। सेंधवा अनुभाग की वरला थाना पुलिस ने अवैध गांजे की फसल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बोरपड़ावा के जंगलों में चार खेतों से 6 हजार 185 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। जब्त फसल का कुल वजन 10 क्विंटल 71 किलोग्राम है। इसकी कीमत करीब 50 से 52 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

75 पुलिसकर्मियों की टीम ने की सर्चिंग, बड़वानी एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी सेंधवा और वरला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। करीब 75 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई। टीम ने बोरपड़ावा के जंगलों में सर्चिंग शुरू की।  पुलिस टीम पिकअप वाहन को त्रिपाल से ढककर जंगल तक पहुंची। सर्चिंग में ड्रोन की मदद भी ली गई। इस दौरान पुलिस को चार अलग-अलग खेतों में गांजे की अवैध फसल मिली।

चार टीमों ने अलग-अलग खेतों से फसल जब्त की
अवैध फसल मिलने के बाद पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें बनाईं। इन टीमों ने चारों खेतों से गांजे के पौधे जब्त किए। पुलिस के मुताबिक कुल 6,185 पौधे मिले हैं। इनका कुल वजन 10 क्विंटल 71 किलोग्राम है। जब्त गांजे की फसल की कीमत करीब 50 से 52 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस टीम को देखकर खेतों में मौजूद आरोपी मौके से भाग गए।

वन भूमि पर उगाई गई थी फसल
गांजे की फसल वन भूमि पर उगाई गई थी। इसके चलते मौके पर वन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खेतों को चिन्हित किया।

चार मामलों में केस दर्ज
पुलिस ने चारों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस अब मामले में आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

Share