| | |

इंदौर में शास्त्री ब्रिज का होगा पुनर्निर्माण: नया ब्रिज बनने के बाद पुराना तोड़ेगे; 175 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान

इंदौर। सिंहस्थ-2028 से पहले शहर के शास्त्री ब्रिज के पुनर्निर्माण की दिशा में बड़ी पहल। पुराने ब्रिज को सीधे तोड़ने के बजाय पहले नया ब्रिज बनाया जाएगा। नया ब्रिज शुरू होने के बाद पुराने शास्त्री ब्रिज को तोड़कर दूसरे चरण में शेष निर्माण कार्य किया जाएगा।

सांसद शंकर लालवानी की पहल के बाद परियोजना को लेकर प्रक्रिया तेज हुई है। प्रस्तावित योजना का उद्देश्य ब्रिज निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और लोगों को परेशानी से बचाना है।

दो चरणों में होगा निर्माण
शास्त्री ब्रिज का निर्माण दो चरणों में प्रस्तावित है। पहले चरण में मौजूदा ब्रिज के समानांतर नया ब्रिज बनाया जाएगा। कोशिश है कि इसे सिंहस्थ-2028 से पहले यातायात के लिए उपलब्ध करा दिया जाए। नया ब्रिज शुरू होने के बाद पुराने शास्त्री ब्रिज को तोड़ा जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में बाकी निर्माण कार्य किया जाएगा।

प्रस्तावित नए ब्रिज की ऊंचाई मौजूदा ब्रिज से अधिक रखी जाएगी। इससे भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए आधुनिक और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

175 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शास्त्री ब्रिज के पुनर्निर्माण और संबंधित विकास कार्यों पर करीब 175 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रस्तावित ब्रिज का एक छोर संभागायुक्त कार्यालय क्षेत्र से शुरू होकर रीगल टॉकीज की ओर रहेगा। ब्रिज की संरचना, एलाइनमेंट, ऊंचाई और चौड़ाई समेत अन्य तकनीकी पहलुओं को सर्वे के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।

IDA करेगा निर्माण
शास्त्री ब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) को दिया गया है। IDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े ने सर्वे एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सर्वे का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

सर्वे के आधार पर ब्रिज के एलाइनमेंट, संरचना, ऊंचाई, चौड़ाई और यातायात प्रबंधन समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की योजना तैयार की जाएगी।

रेलवे हिस्से का सुपरविजन रेलवे करेगा
परियोजना में आने वाले रेलवे हिस्से के कार्य का सुपरविजन रेलवे विभाग करेगा। वहीं ब्रिज के निर्माण की जिम्मेदारी इंदौर विकास प्राधिकरण की रहेगी। इस व्यवस्था के तहत रेलवे क्षेत्र से जुड़े तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

सिंहस्थ से पहले नया ब्रिज शुरू करने की तैयारी
शास्त्री ब्रिज इंदौर के प्रमुख मार्गों में शामिल है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए पहले समानांतर ब्रिज बनाने की योजना तैयार की गई है।

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सिंहस्थ-2028 से पहले नया शास्त्री ब्रिज तैयार कर नागरिकों के लिए उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि इंदौर की अधोसंरचना को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना प्राथमिकता है।

बैठक में रेलवे मंडल से अंकुर कुमार सिंह, राहुल चौधरी, मुकेश रघुवंशी, शक्ति सापुतारे और अभिषेक सिंह सहित इंदौर विकास प्राधिकरण से कपिल भल्ला मौजूद रहे।

Share