राहुल गांधी के इंदौर दौरे की तैयारी तेज: रीजनल पार्क की अनुमति बाकी; चिंटू चौकसे बोले- सरकार अड़ंगा लगा रही

इंदौर। 19 सितंबर को प्रस्तावित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थित खाली मैदान का चयन किया है।
इसकी अनुमति के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण याने आईडीए में आवेदन भी जमा कर दिया है। अब इस आवेदन पर अंतिम निर्णय प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया जाएगा।
आईडीए ने आवेदन मिलने के बाद नगर निगम और पुलिस विभाग को पत्र भेजकर दोनों विभागों से इस आयोजन को लेकर अपना-अपना अभिमत मांगा है।
दोनों विभागों से रिपोर्ट मांगी
प्राधिकरण ने कार्यक्रम स्थल पर यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर दोनों विभागों से रिपोर्ट मांगी है। संबंधित विभागों से जवाब मिलने के बाद इंदौर विकास प्राधिकरण कार्यक्रम स्थल की अनुमति पर अंतिम निर्णय लेगा।
उम्मीद है कि प्रशासन अनुमति देगा
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि पहले उन्हें आशंका थी कि जिस तरह नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली थी, उसी तरह इस मैदान की अनुमति भी नहीं मिलेगी। लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन कार्यक्रम की अनुमति प्रदान करेगा।
अनुमति नहीं मिलने पर भी होगा आयोजन
चिंटू चौकसे ने यह भी कहा कि यदि किसी कारणवश औपचारिक अनुमति नहीं भी मिलती है, तब भी राहुल गांधी का कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने स्थित उसी मैदान पर आयोजित किया जाएगा। सरकार राहुल गांधी से डरी हुई है इसलिए कार्यक्रम में अड़ंगा लगा रही है।