| | |

इंदौर सेंट्रल जेल में कैदी पर डंके से हमला: सिर-नाक पर किया वार; गालियां देने पर शुरू हुआ विवाद 

इंदौर। सेंट्रल जेल में एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद कैदी शाकीर उर्फ मेडिकल पर साथी कैदी पुष्पेंद्र ने हमला कर दिया। आरोपी ने खाना बांटने वाले डंके से शाकीर के सिर और नाक पर कई वार किए। घायल कैदी का जेल अस्पताल में इलाज और मेडिकल कराया गया।

शाकीर के सिर और नाक पर हमला किया  
घटना बैरक नंबर-2 के पास की बताई जा रही है। शाकीर वहां घूम रहा था, तभी पुष्पेंद्र ने उसे गालियां दीं। शाकीर ने इसका विरोध किया तो पुष्पेंद्र वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह खाना बांटने वाला डंका लेकर वापस आया और शाकीर के सिर और नाक पर वार कर दिए।

जेल प्रबंधन ने घायल कैदी का इलाज कराया
हमले में शाकीर जमीन पर गिर गया। इसके बाद संतरी और अन्य कैदियों ने बीच-बचाव कर आरोपी पुष्पेंद्र को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने पर जेल प्रबंधन ने घायल कैदी का इलाज कराया।

पुलिस मामले की जांच कर रही
जेल प्रबंधन की शिकायत पर एमजी रोड थाना पुलिस ने आरोपी कैदी के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल हमले की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 15 दिन पहले जिला जेल में भी एक कैदी पर हमला हुआ था। इसके बाद जेलों में सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था सख्त किए जाने की बात सामने आई थी।

Share