|

MP के 413 नगर पालिका में बनेगी ‘गीता भवन’ लाइब्रेरी: 50-50 लाख मंजूर; 250 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम भी

देवास। मध्य प्रदेश सरकार ने सनातन संस्कृति, धार्मिक साहित्य और वैचारिक अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के सभी 413 शहरी स्थानीय निकायों में ‘गीता भवन’ बनाने की स्वीकृति दी है। इसी योजना के तहत देवास जिले के हाटपिपलिया, कन्नौद और नेमावर में भी गीता भवन बनाए जाएंगे।

तीनों स्थानों पर भवन निर्माण के लिए करीब 50-50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। परियोजना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

250 लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था
हाटपिपलिया नगर परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौर और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संदीप मालवीय ने बताया कि गीता भवन में करीब 250 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।

इसके अलावा भवन में लाइब्रेरी और मंदिर का भी निर्माण किया जाएगा। यहां धार्मिक अध्ययन के साथ सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।

धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
नगर परिषद प्रतिनिधियों के अनुसार गीता भवन बनाने का मुख्य उद्देश्य धार्मिक अध्ययन, पुस्तकालय, सांस्कृतिक कार्यक्रम और साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

इन भवनों के माध्यम से लोगों को धार्मिक साहित्य उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की योजना है।

हाटपिपलिया में खुशी का माहौल
हाटपिपलिया में गीता भवन निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में खुशी का माहौल है।

अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौर और पार्षद प्रतिनिधि संदीप मालवीय ने प्रदेश सरकार की पहल का स्वागत किया। उन्होंने मध्य प्रदेश शासन और विधायक मनोज चौधरी का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि गीता भवन बनने से क्षेत्र के युवाओं को अध्ययन का बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

Share