उज्जैन में 16.5 लीटर कच्ची शराब जब्त: जमीन में छुपाये थे ड्रम: तीन आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत पानबिहार चौकी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की।
चौकी प्रभारी जयंत डामोर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 16.5 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई घट्टिया थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुप्त सुचना से हुई कारवाई
पानबिहार क्षेत्र में अवैध शराब के भंडारण की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दबिश दी। टीम ने अर्पित मोगिया और कुंदन सोलंकी, दोनों निवासी पानबिहार, तथा धर्मेंद्र सोलंकी निवासी पारदी बल्डा को गिरफ्तार किया।
जमीन में छिपा रखी थी शराब
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने घर के पीछे महुआ से कच्ची शराब बनाने की सामग्री ड्रमों में भरकर जमीन के अंदर छिपा रखी थी। पुलिस ने खुदाई कर सामग्री बाहर निकाली और मौके पर नष्ट करवाई। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल छापेमार कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयंत डामोर, सहायक उपनिरीक्षक रमाकांत मीणा, प्रधान आरक्षक राजेंद्र पटेल, तैय्यब अली खान, आरक्षक पवन शर्मा, रोहित, सुनील एवं सैनिक विक्रम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील: नशामुक्त समाज के लिए दें सूचना
चौकी प्रभारी जयंत डामोर ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब बनाने, बेचने या ले जाने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।