| |

धार में मेंटेनेंस के दौरान गिरा बिजली तार: बिना सप्लाई बंद किए शुरू किया काम; जांच की मांग

धार। धरमपुरी स्थित सिंधी मोहल्ले में मोबाइल टावर मेंटेनेंस के दौरान बिना अनुमति पेड़ काटने से वह चालू बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे तार टूटकर गिर गया।

हादसे के वक्त गुजर रही स्कूल बस और स्थानीय लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ। रहवासियों का आरोप है कि टावर कंपनी के कर्मचारियों ने पेड़ काटने के लिए न तो स्थानीय प्रशासन से कोई अनुमति ली थी न ही बिजली विभाग को सूचित कर पावर सप्लाई बंद करवाई थी।

रस्सी अचानक टूटने से बनी दुर्घटना 
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आनन-फानन में बिजली आपूर्ति बंद करवाई। दूसरी ओर, टावर कंपनी के इलेक्ट्रीशियन संदीप का दावा है कि उनके पास पूर्व में ली गई अनुमति का पत्र मौजूद है और आठ दिन पहले भी काम किया गया था, लेकिन इस बार रस्सी अचानक टूट जाने के कारण यह दुर्घटना हुई।

भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है
हालांकि, आक्रोशित स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर कंपनी अक्सर इसी तरह की जानलेवा लापरवाही बरतती है, जिससे भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार टावर कंपनी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Share